Three Gorges Dam: चीन के थ्री गॉर्जेस डैम के कारण पृथ्वी की परिक्रमण गति धीमी हो रही है। NASA के वैज्ञानिकों का कहना है कि यांग्त्ज़ी नदी पर बने इस विशालकाय डैम में पानी के भारी भंडारण के चलते पृथ्वी की गति प्रतिदिन 0.6 माइक्रोसेकंड धीमी हो रही है। डैम में जमा पानी के कारण पृथ्वी के घूर्णन की जड़ता क्षण बदल गई है, जिससे उसकी गति पर असर पड़ रहा है।
उदाहरण के लिए, जैसे एक स्केटर अपने हाथों को अंदर की ओर खींचकर तेजी से घूमता है और हाथों को फैलाकर अपनी गति को धीमा करता है, वैसे ही पृथ्वी की गति भी पानी के फैलाव से प्रभावित होती है। जब कोई वस्तु पृथ्वी के केंद्र के करीब होती है, तो पृथ्वी तेजी से घूमती है। लेकिन जब यह द्रव्यमान सतह पर फैलता है, तो गति धीमी हो जाती है। यही कारण है कि थ्री गॉर्जेस डैम में संचित पानी पृथ्वी की गति को धीमा करने का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
NASA के वैज्ञानिक क्या कहते हैं?
NASA के वैज्ञानिक बेंजामिन फोंग चाओ के अनुसार, थ्री गॉर्जेस डैम ने पृथ्वी की परिक्रमण गति को प्रतिदिन 0.06 माइक्रोसेकंड धीमा कर दिया है। हालांकि यह परिवर्तन बहुत छोटा है, लेकिन यह दिखाता है कि मानव निर्मित संरचनाएं पृथ्वी की प्राकृतिक प्रक्रियाओं को कैसे प्रभावित कर सकती हैं।
पृथ्वी की परिक्रमण गति कैसे प्रभावित होती है?
पृथ्वी की परिक्रमण गति को समझने में जड़ता क्षण (moment of inertia) की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह दर्शाता है कि द्रव्यमान पृथ्वी के घूर्णन अक्ष के सापेक्ष कैसे फैला हुआ है। जब बड़ी मात्रा में पानी एकत्र होता है, तो यह द्रव्यमान भूमध्य रेखा की ओर फैलता है, जिससे पृथ्वी का जड़ता क्षण बदल जाता है। थ्री गॉर्जेस डैम में 40 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी जमा किया जा सकता है, जो भूमध्य रेखा की ओर स्थानांतरित होता है। इससे पृथ्वी का जड़ता क्षण थोड़ा बढ़ जाता है, जिससे उसकी गति धीमी हो जाती है।
थ्री गॉर्जेस डैम एक तकनीकी चमत्कार
थ्री गॉर्जेस डैम तकनीकी दृष्टिकोण से भी एक महान चमत्कार है। यह डैम 185 मीटर ऊँचा और 2 किलोमीटर से अधिक लंबा है, जो दुनिया का सबसे बड़ा पावर जनरेट करने वाला डैम है। इसकी पूर्ण क्षमता पर यह 22,500 मेगावाट बिजली उत्पन्न करता है, जिससे लाखों घरों और उद्योगों को ऊर्जा मिलती है।